पंजाब के पटियाला में जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनावों में शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल द्वारा जारी ऑडियो का मामला गर्माता जा रहा है। शुक्रवार को लुधियाना के झांडे में पहुंचे सुखबीर बादल ने कहा कि ऑडियो मामले में पटियाला के एसएसपी को जेल भेजकर ही रहेंगे। हालांकि पटियाला पुलिस पहले ही इसे एआई जनरेटेड बता चुकी हे। सुखबीर बादल ने डीजीपी समेत उन सभी लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी इस काम में एसएसपी को बचाने की कोशिश करेगा वो भी इस क्राइम का भागीदार समझा जाएगा। सुखबीर बादल ने कहा कि पुलिस कर्मी डिपार्टमेंट में भर्ती होते समय संविधान बचाने की कसम लेते हैं और यहां एसएसपी खुद ही संविधान को खत्म करने की साजिश रच रहा है। सुखबीर बादल बोले, पुलिस ही लोकतंत्र काे खत्म करने में जुटी सुखबीर बादल ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी सरकार और अफसरों के जिम्मे है लेकिन सूबे में सरकार और अफसर ही इसे खत्म करने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि सूबे में अगर अफसर ही लोकतंत्र को खत्म करने में लग जाएंगे तो लोकतंत्र का क्या हाल होगा यह सोचने की बात है। आप सरकार पर लगाए गंभीर आरोप सुखबीर बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को अपनी हार दिख रही हे। उनको पता चल गया है कि इन चुनावों में जमानत जब्त होनी हे तो उन्होंने पुलिस व अफसरों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि ऑडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि किस तरह से इन चुनावों को सरकार के पक्ष में करने की बात की जा रही है। एसएसपी व साथ देने वाले अफसरों पर करवाएंगे पर्चा सुखबीर बादल ने डीजीपी से आग्रह किया कि एसएसपी व उनका साथ देने वाले अफसरों के खिलाफ एक्शन लें। बादल ने कहा कि आपकी पुलिस ने बड़ा गुनाह किया है इसलिए एसएसपी व उसका साथ देने वालों के खिलाफ पर्चा दर्ज करें। बादल ने कहा कि अकाली दल इसकी शिकायत देगा और पर्चा दर्ज करवाएगा। सरकार बचाने की कोशिश करेगी, अकाली दल लड़ाई लड़ेगा सुखबीर बादल ने कहा कि सूबे की सरकार एसएसपी को बचाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि सरकार आखिरी सांसों पर है कितनी देर बचा लेगी। उन्होंने कहा कि अकाली दल पर्चा दर्ज करवाने के लिए सड़क से लेकर कोर्ट तक लड़ाई लड़ेगा।


