मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन 4 दिसंबर को विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने हरदा जिले में खुलेआम बिक रही एमडी ड्रग का मुद्दा उठाया। उन्होंने विधानसभा सदन में सरकार से इस पर जवाब मांगा और मुख्य नगर पालिका अधिकारी, हरदा के खिलाझ की जा रही कार्यवाही पर भी जानकारी मांगी। विधायक ने शून्यकाल सूचना के माध्यम से एमडी ड्रग और अन्य नशीले पदार्थों पर कठोरता से रोक लगाने की मांग की। डॉ. दोगने ने कहा कि हरदा जिले में एमडी ड्रग, अफीम, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री असामाजिक तत्व खुलेआम कर रहे हैं। पुलिस ने कुछ छोटे तस्करों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य सवाल यह है कि एमडी ड्रग हरदा जिले में कहां से और कैसे आ रहा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लगाया। विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एमडी ड्रग और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों के घर बर्बाद हो रहे हैं और युवा इसके आदी होकर अपना जीवन खराब कर रहे हैं। इससे हरदा जिले और पुलिस प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले को संज्ञान में लेने, हरदा जिले में एमडी ड्रग सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री को कठोरता से प्रतिबंधित करने और मुख्य ड्रग सरगनाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया।


