जिले के बरही नगर में जमीनी विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला किया गया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना गुरुवार शाम विजयराघवगढ़ मार्ग पर हुई। उत्तम चंद्र गुप्ता के परिवार पर यह हमला हुआ। उनकी पत्नी सुनीता बाई (52) को गंभीर चोटें आई हैं। उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है और सिर पर भी गंभीर घाव हैं। उन्हें बरही अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाउंड्री तोड़ने से बढ़ा विवाद पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि सदा सुखी सोनी, प्रकाश चंद्र सोनी, कृष्ण कुमार सोनी, राजा सोनी, पुष्पराज सोनी (सभी निवासी विजयराघवगढ़) सहित उनकी पत्नियों और अन्य लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की। यह घटना तब हुई जब शाम करीब 5 बजे बाउंड्री तोड़ी जा रही थी, जिसका विरोध करने पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। हमले के दौरान उत्तम चंद्र गुप्ता मौके से भागकर अपनी जान बचाई, जबकि उनकी बेटी प्रियंका गुप्ता (35) भी घायल हो गई। शुक्रवार को इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग महिला के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं पीड़ित महिला ने बताया कि घायल अवस्था में वे थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी। इसके बजाय, मारपीट करने वाले पक्ष की शिकायत दर्ज की गई। महिला का आरोप है कि उनकी निजी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है और शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत पर मामला दर्ज किया इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें बरही थाने पर गुप्ता परिवार की शिकायत पर गंभीर धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।


