नगर पालिका परिषद पसान क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जमुना कालरी में शुक्रवार को साइकिल वितरण कार्यक्रम हुआ। इस दौरान कुल 21 छात्र-छात्राओं को साइकिलें दी गईं। अतिथियों ने बच्चों को साइकिलें भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य अवध राज सिंह सोलंकी ने स्कूल की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने मैन रोड से स्कूल तक सीसी सड़क निर्माण, पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था, खेलकूद के मैदान का समतलीकरण और साफ-सफाई जैसे जरुरी कामों पर तुरंत ध्यान देने का आग्रह किया। डिजिटल क्लास का किया अवलोकन नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राम अवध सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्कूल की समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया। अध्यक्ष ने डिजिटल क्लास का भी अवलोकन किया और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह ने साइकिल वितरण के पात्र छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की योजनाओं के तहत शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं। राजेश सिंह ने कहा कि डिजिटल क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं बच्चों की पढ़ाई को नए आयाम दे रही हैं, जो निजी विद्यालयों में भी कम उपलब्ध होती हैं। उन्होंने सरकार की इस प्रतिबद्धता को बच्चों के भविष्य के लिए प्रगतिशील बताया।


