नगर निगम चुनावों के बाद भाजपा ने अपने ‘मेंबरशिप अभियान-2024’ में तेजी लानी शुरू कर दी है। इस संदर्भ में जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में पार्टी दफ्तर शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में विशेष बैठक रविवार को हुई। इसमें भाजपा प्रदेश महासचिव व सदस्यता अभियान पंजाब के प्रभारी राकेश राठौर तथा डॉ. जगमोहन सिंह राजू (पूर्व आईएएस) विशेष रूप से उपस्थित हुए। राठौर ने कहा कि 2024 में चलाए गए सदस्यता अभियान में अमृतसर ने पंजाब में सबसे ज्यादा सदस्य बनाने वाले पहले पांच जिलों में अपना स्थान बनाया है, जिसके लिए अमृतसर जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू, उनकी टीम तथा समूह भाजपा कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी का कार्यकर्ता व नेता एक बूथ या एक विधानसभा सीट से 50 या उससे ज्यादा लोगों को पंजीकृत करेगा उसे पार्टी उसे सक्रिय सदस्य बनाएगी। ऐसे कार्यकर्ता मंडल समिति और उससे ऊपर के पदों के लिए चुनाव लड़ने के पात्र होंगे। डॉ. राजू ने कहा कि सक्रिय सदस्यता अभियान के चलते सक्रिय सदस्यता लेने वाले सदस्यों को पार्टी में खास अहमियत दी जाएगी। संधू ने कहा कि पहली सूची 12 जनवरी तक जिला दफ्तर के बोर्ड पर प्रकाशित कर दी जाएगी तथा अंतिम सूची 21 जनवरी 2025 को जिला कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित कर दी जाएगी। 22 जनवरी के बाद प्रदेश भाजपा की बैठक में संगठनात्मक चुनाव संबंधी निर्णय किया जाएगा। सक्रिय सदस्यता संबंधी फर्म कार्यकर्ता खुद उपस्थित होकर 7 जनवरी तक रोजाना 12 बजे से 2 बजे तक जिला दफ्तर से प्राप्त कर सकते हैं।


