रांची| बूटी स्थित मेडिक्योर अस्पताल में संस्था की संस्थापक अध्यक्ष स्व. बिमला देवी की छठी पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल परिसर में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उनकी स्मृति में अस्पताल परिसर में निःशुल्क दंत एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. रिया और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुज पाठक ने मरीजों की जांच कर चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में 59 मरीजों की जांच की गई, साथ ही मुफ्त रक्त जांच और आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के चेयरमैन डॉ. अमिताभ कुमार ने की। मौके पर उपाध्यक्ष प्रो. अवधमणि पाठक, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना पाठक, डॉ. सुमन दूबे, डॉ. सजीत, डॉ. मुकेश, सरोजेश, अमरेंद्र यादव, अस्पतालकर्मी और स्किल डेवलपमेंट यूनिट के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में स्व. बिमला देवी के व्यक्तित्व और समाजसेवा में उनके योगदान को याद किया गया।


