प्रदेश के अस्पतालों के साथ विभाग को देखने वाले आईएएस स्तर के अफसरों का सिस्टम भी बीमार होता जा रहा है। बड़े अस्पतालों में ओपीडी, आईपीडी आदि की भीड़ को कम करने के लिए पिछले 13 माह में 3 बार आईएएस ने भीड़ नियंत्रण सिस्टम लागू करवाया और उसे नया और प्रभावी सिस्टम बताया। आप चौंक जाएंगे… तीनों बार एक ही सिस्टम को दोहराया गया। तीनों बार उस सिस्टम का नाम क्यू मैनेजमेंट सिस्टम दिया। ऐसा करने वाले 2 आईएएस हैं। पहले भी यही सिस्टम 5 साल पहले लागू किया गया था। लेकिन 12 माह में तीन बार एक ही सिस्टम लागू करने वाले आईएएस अंबरीश कुमार और गायत्री राठौड़ हैं। यह सिस्टम पिछले साल 30 नवंबर 2024 में लागू किया- नाम दिया क्यू मैनेजमेंट सिस्टम। फिर 8 जून 2025 को फिर आईएएस ने जयपुरिया अस्पताल का दौरा किया। छह माह पहले भी वही नाम रखा- क्यू मैनेजमेंट सिस्टम। अब शुक्रवार को फिर आईएएस ने अस्पतालों का दौरा किया और ऐलान किया कि प्रदेश के बड़े अस्पतालों में क्यू मैनेजमेंट सिस्टम लागू करेंगे। यानी तीनों बार छह-छह माह के अंतराल से आईएएस ने दौरे किए और उसी अस्पतालों के दौरे करते हुए एक ही सिस्टम को दोहरा कर इतिश्री कर ली। बड़े अस्पतालों में सिस्टम लागू हो ही नहीं पाया। अब फिर यही कहा गया- सभी अस्पतालों में क्यू मैनेजमेंट सिस्टम लागू करेंगे और हेल्प डेस्क व्यवस्था लागू करेंगे। दावा किया- अब मरीजों व परिजनों को लाइन नहीं लगानी पड़ेगी गायत्री ने कहा- प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ जयपुरिया अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंची। वहां कहा कि जयपुरिया अस्पताल की तर्ज पर क्यू मैनेजमेंट सिस्टम एवं हेल्प डेस्क व्यवस्था शुरू की जाएगी। इससे रोगियों को कतारों से मुक्ति मिलेगी। उन्हें इलाज के लिए एक काउंटर से दूसरे काउंटर पर चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उनकी सहायता के लिए अस्पतालों में एक प्रभावी तंत्र विकसित किया जाएगा, जो पूरी संवेदनशीलता के साथ रोगियों की मदद करेगा। यही सिस्टम 5 साल पहले भी लागू किया 8 जून को इसी अस्पताल का दौरा: तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा सचिव ने जयपुरिया हॉस्पिटल का दौरा किया। यहां क्यू मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत की। दावा किया- अब मरीजों और परिजनों को लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। उस समय अम्बरीश कुमार ने कहा था- इस सिस्टम (क्यू मैनेजमेंट) को दूसरे सरकारी हॉस्पिटलों में भी शुरू करेंगे। पहले जेके लोन, महिला चिकित्सालय, जनाना चांदपोल, बनीपार्क समेत अन्य हॉस्पिटल में लागू करके मरीजों की परेशानी को दूर किया जाएगा। 13 माह पहले की थी घोषणा: 30 नवंबर 2024 को तत्कालीन सचिव ने 3 अस्पतालों का दौरा किया था। अंबरीश ने उस दिन दावा किया था कि मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में क्यू मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। शुरूआत जयपुर के कांवटिया अस्पताल एवं आयूएचएस मेडिकल कॉलेज से संबद्ध राजकीय रूक्मणी देवी-बेनी प्रसाद जयपुरिया अस्पताल से की जाएगी। उन्होंने उस दिन कांवटिया एवं जयपुरिया अस्पताल का निरीक्षण किया था।


