भास्कर न्यूज | जालोर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ओर से शुक्रवार को द जालोर सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के सभागार मे कर्मचारी नामांकन योजना 2025, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना व नई 4 श्रम संहिताओं पर जागरूकता कार्यक्रम किया। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जोधपुर से डॉ. अजय सिंह चौधरी, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम अनिल कुमार तिवारी, सहायक भविष्य निधि आयुक्त पाली की ओर से योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डॉ. अजयसिंह चौधरी ने बताया कि 1 नवम्बर 2025 से कर्मचारी नामांकन योजना 2025 को लागू किया है। यह योजना ईपीएफओ के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रमिकों को संगठित सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के अंतर्गत 01 जुलाई 2017 से 31 अक्टूबर के दौरान कार्यरत वे कर्मचारी जिन्हें किसी कारणवश कर्मचारी भविष्य निधि योजनाओं में सदस्य नहीं बनाया हैं, जो आज भी जीवित व संस्थान में कार्यरत है। उन कर्मचारियों को नियोक्ता अंशदान, प्रशासनिक प्रभार पर 100 रुपए की क्षति का भुगतान कर सदस्य बनाया जा सकता है। अनिल कुमार तिवारी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पहली बार निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार तक व नियोक्ताओं को नए रोजगार सृजन पर प्रति कर्मचारी प्रति माह 3 हजार तक का प्रोत्साहन लाभ मिलेगा।


