देसूरी | चारभुजा घाट सेक्शन में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बारातियों से भरी बस का ब्रेक प्रेशर पाइप अचानक फट गया। ढलान पर बस अनियंत्रित होने लगी, लेकिन समय रहते ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को चट्टान की तरफ रगड़ते हुए खाली जगह पर रोक दिया। ड्राइवर की तत्परता से 40 बारातियों की जान बच गई। बारातियों ने बताया कि वे सिरोही जिले के अर्टवाला गांव से कांकरोली बारात में गए थे और वापसी में देसूरी चारभुजा घाट की ढलान उतरते समय ब्रेक लगाने पर प्रेशर पाइप फट गई।


