मौसम का हाल:सुबह के साथ देर रात कोहरा, दिन और रात के तापमान में 14.8 डिग्री का अंतर

दिसंबर के पहले सप्ताह में कोहरे का दायरा बढ़ने लगा है। अलसुबह के साथ देररात को भी धुंध दिखाई देने लगी है। दिन और रात के तापमान में अंतर भी बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने एक सप्ताह में कड़ाके की ठंड का अनुमान लगाया है। शहर में एक दिन में दो मौसम दिखाई दिए। दिन में हल्की तपन, जबकि शाम ढलने के साथ सर्द हवा का दौर भी शुरू हो गया है। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.5 और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री रहा। ऐसे में दिन और रात के तापमान में 14.8 डिग्री का अंतर आ रहा है। यह एक सप्ताह में सबसे ज्यादा है। आर्द्रता की बात करें तो यह सुबह 78 और शाम को 52 फीसदी रही। हवा की रफ्तार सुबह शून्य और शाम को 6 किलोमीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तर पंजाब और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। जिसके प्रभाव से मैदानी क्षेत्रों में सर्द हवा महसूस की जा रही है। इसी तरह एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ माध्य क्षोभ मंडलीय पश्चिमी पवनों में एक टर्फ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। ऐसे में एक सप्ताह में ठंड का दायरा और बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। सुबह-सुबह शहर में कोहरा छाया रहा। इसके बाद दोपहर में तेज धूप निकली, जिससे लोगों को राहत मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *