मंदिर में तोड़फोड़, गुस्साए लोगों ने थाना घेरा:सागर में 4 घंटे चला हंगामा; जैन समाज के युवकों पर तोड़फोड़ का आरोप

सागर में शनिवार को एक मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद हंगामा हो गया। लोगों ने आरोप लगाया कि जैन समाज के कुछ युवक नकाब पहनकर आए थे, उन्होंने तोड़फोड़ की। साथ ही कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की। इस घटना से गुस्साए हिंदू संगठन, सोनी और जड़िया समाज के लोगों ने शाम को कोतवाली थाने का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सागर विधायक, पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जैन समाज के लोग भी वहां पहुंच गए। करीब 4 घंटे चले हंगामे के बाद शाम को पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर प्रदर्शन खत्म कराया। इसके बाद रात करीब 9.30 बजे सराफा बाजार, इतवार बाजार क्षेत्र में युवाओं की भीड़ जमा हो गई और जमकर नारेबाजी की। इधर, पुलिस ने बड़ा बाजार इलाके में गश्त बढ़ा दी। लोगों को घर भेजा गया। जैन मंदिर के बाहर तोड़फोड़
शनिवार रात में शहर के मोराजी इलाके में कुछ लोगों ने जैन मंदिर के बाहर तोड़फोड़ की। वहां लगा बोर्ड तोड़ दिया। इधर, विवाद को देखते हुए प्रशासन ने देर रात धारा 163 लागू कर दी। जिसके तहत जुलूस और लोगों का जमावड़ा नहीं किया जा सकेगा। ये है पूरा मामला..
सागर के बड़ा बाजार क्षेत्र की जड़िया गली में एक मंदिर है, जो सोनी और जड़िया समाज की कुलदेव का मंदिर (कुलदेव की मड़िया) कहा जाता है। दावा है कि ये मंदिर करीब 200 साल पुराना है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यहीं पर जैन समाज के लोग अपना धार्मिक स्थल बना रहे हैं। इसको लेकर कुलदेव की मड़िया हटाने की चर्चा चल रही थी। आरोप है कि इसी बीच शनिवार को जैन समाज के करीब 30 से ज्यादा युवक चेहरों पर कपड़ा बांधकर आए और मंदिर में तोड़फोड़ कर दी। तोड़फोड़ करते देख आसपास के लोगों ने उन्हें रोका। इसी बात पर विवाद हुआ। मारपीट शुरू हो गई। जिसमें दो लोग घायल हो गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से जुड़ी तस्वीरें 4 घंटे चला प्रदर्शन, न एसपी आए, न कलेक्टर
कोतवाली थाने पर करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन चला। तनाव के बाद भी एसपी और कलेक्टर मौके पर नहीं पहुंचे। एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लोगों समझाइश देकर रवाना किया। प्रदर्शनकारी तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों पर नामजद एफआईआर और सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। साथ ही कोतवाली थाना प्रभारी को भी हटाने की मांग की। पुलिस ने दर्ज की FIR, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
तोड़फोड़ के इस मामले में पुलिस ने मोनू महाकाल, आदर्श जैन के खिलाफ नामजद और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं धार्मिक स्थल के पास ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक सतीश रावत और आरक्षक अखिलेश को लाइन अटैच किया गया है। दोनों पर ड्यूटी में लापरवाही का आरोप है। एक युवक ने खुद पर केरोसीन डाल लिया
कोतवाली थाना के एक तरफ हिंदू संगठन, सोनी और जड़िया समाज के लोग प्रदर्शन करते रहे, वहीं दूसरी ओर जैन समाज के लोग भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। इसी दौरान जैन समाज के एक युवक ने खुद पर केरोसीन डाल लिया। बाद में पुलिस ने उसे ऐसा करने से रोक लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *