सागर में घर में लगी भीषण आग:सोते हुए 3 भाई-बहन झुलसे: माता-पिता घर पर नहीं थे; विधायक बोले- हरसंभव मदद करेंगे

सागर के नरयावली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदामऊ में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त घर में माता-पिता मौजूद नहीं थे और तीन बच्चे सो रहे थे। आग की चपेट में आने से तीनों भाई-बहन झुलस गए। पड़ोसियों और पुलिस ने मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार, चांदामऊ निवासी गणेश चढ़ार मजदूरी करते हैं। घटना वाली रात वे खेत पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर पर उनके तीन बच्चे- बेटी साक्षी (22), बेटा अनुज (19) और कार्तिक (15) सो रहे थे। लपटें देख दौड़े पड़ोसी, बचाई जान
देर रात अचानक घर में आग भड़क उठी। लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर में फंसे तीनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे झुलस चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गृहस्थी का सामान खाक, विधायक ने दिया भरोसा
आगजनी में गरीब मजदूर का गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया है। नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन के अधिकारियों से बात की है। उन्होंने बच्चों के उचित इलाज की व्यवस्था कराने और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *