मंदसौर जिले में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, नयाखेड़ा मंदसौर में आयोजित किया गया। इस मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मंदसौर एवं लीड बैंक के संयुक्त प्रयासों से किया गया। मेले में कुल 360 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जिनका 8 विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार लिया गया। इनमें से 240 युवक-युवतियों का प्राथमिक चयन कंपनियों द्वारा किया गया। स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए मेले में उपस्थित विभिन्न विभागों द्वारा युवाओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा 44 लाख रुपए तथा राष्ट्रीय आजीविका मिशन द्वारा 12 लाख रुपए, कुल 56 लाख रुपए के चेक हितग्राही समूहों को वितरित किए गए। मेले में स्वास्थ्य विभाग सहित अनेक शासकीय विभागों ने सूचना और परामर्श के लिए स्टॉल भी लगाए। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर एवं उपाध्यक्ष नम्रता चावला द्वारा किया गया। जिला रोजगार अधिकारी प्रशांत मैड़ा ने बताया कि ऐसे रोजगार उन्मुख आयोजन भविष्य में भी जिले के युवाओं के लिए जारी रहेंगे।


