दौसा में सर्दी का असर तेज, ठिठुरन बढी:न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, मौसम साफ रहा तो पाला जमने की संभावना

उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों से आ रही सर्द हवाओं के कारण दौसा जिले में सर्दी का असर बढता जा रहा है। साथ ही मौसम साफ रहने से तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सिंचित क्षेत्र होने के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है और हवा में ठंडक का असर ज्यादा है। जिसके चलते सुबह के वक्त ठिठुरन महसूस की जा रही है तो वहीं शाम ढलने के साथ सर्दी जोर पकड़ रही है। ऐसे में दिसंबर माह के पहले सप्ताह में ही सर्दी का असर और तेज हो गया है। यहां शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 4.6 डिग्री और गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया था। संभावना है कि अभी शीतलहर का असर बढ़ने से तापमान में और गिरावट आ सकती है। पांच साल में सबसे सर्द रात रही
पिछले 5 साल में शुक्रवार की रात सबसे ज्यादा ठंडी रही है। यहां सबसे कम 4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकडे देखे तो 5 दिसंबर को वर्ष 2021 में 11 डिग्री, 2022 में 8, 2023 में 14 और 2024 में 11 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री ही रिकॉर्ड किया गया था। मौसम साफ रहने पर पाला जमने की संभावना भी जताई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *