अलवर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रात के समय कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। शुक्रवार देर रात शहर में हल्की धुंध रही, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में घास और फसलों की पत्तियों पर ओस जम गई। न्यूनतम तापमान 5.4°C
शहर का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 5.4 डिग्री दर्ज हुआ। पिछले 6 दिनों में न्यूनतम तापमान में 5.2 डिग्री की गिरावट हुई है। वहीं अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री रहा। गुरुवार की तुलना में अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़ा है। प्रदेश के टॉप-10 सबसे ठंडे शहरों में अलवर छठे स्थान पर दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे 84% और शाम 5:30 बजे 39% नमी दर्ज की गई। तुलेड़ा में सरसों की फसल पर जमी बर्फ
अलवर के तुलेड़ा क्षेत्र में सर्दी का असर और अधिक देखने को मिला। सरसों की पत्तियों पर हल्की बर्फ जम गई थी। सूरज की पहली किरण पड़ते ही बर्फ पिघलकर टपकने लगी। आसपास घास पर भी सफ़ेद जमाव नजर आया। आज बादल छाने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही शीत हवाओं के कारण रातों में ठिठुरन बढ़ गई है। शनिवार को अलवर में बादल छाए रहने की संभावना है।
सोमवार से न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे ठंड में कुछ कमी आ सकती है। फसलों के लिए लाभकारी मौसम
उद्यानिकी विभाग के सहायक निदेशक के.एल. मीणा ने बताया कि 80-90% नमी और तापमान 10 डिग्री से नीचे होने पर ओस जमना शुरू हो जाती है। शहरी इलाके में तापमान 5 डिग्री या इससे कम होने पर खेतों में यह 3-4 डिग्री और नीचे चला जाता है, जिससे घास व फसलों पर ओस जम जाती है।
उन्होंने बताया कि तापमान में यह गिरावट गेहूं, सरसों और चने की फसलों के लिए बेहद फायदेमंद है।


