रतलाम में आबकारी का छापा:घर में बाइक की डिग्गी में छिपाकर रखी थी 15 लीटर ताड़ी; खुले में शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई

आबकारी विभाग ने शुक्रवार रात शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर 15 लीटर अवैध ताड़ी जब्त की। यह ताड़ी बाइक की डिग्गी और बाल्टी में छिपाकर रखी गई थी। इसके अलावा शहर की प्रमुख शराब दुकानों के बाहर खुले में जाम छलकाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे और एसएन शिंगनाथ के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच की। बाजना बस स्टैंड के पास आरोपी चेनू के मकान की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की थैलियों में भरी 15 लीटर अवैध ताड़ी मिली। आरोपी ने इसे बाइक की डिग्गी और बाल्टी में छिपा रखा था। विभाग ने आरोपी के खिलाफ अवैध ताड़ी बेचने का केस दर्ज किया है। इन दुकानों के बाहर हुई कार्रवाई
टीम ने शहर की कंपोजिट मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के आसपास रोड और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए। इन जगहों पर हुई जांच: सज्जन मिल, बड़बड़, साला खेड़ी, पावर हाउस और स्टेशन रोड स्थित शराब दुकानें। दुकान संचालकों को चेतावनी- गंदगी नहीं चाहिए
आबकारी अधिकारियों ने शराब दुकान संचालकों को भी सख्त लहजे में चेतावनी दी है। अधिकारियों ने कहा कि दुकान पर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि दुकान के आसपास ग्राहक शराब का सेवन न करें। अभियान जारी रहेगा
सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी ने बताया कि अवैध ताड़ी विक्रय और परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में उप निरीक्षक वंदना अग्रवाल, सचिन भास्करे, अभिषेक वायकर आदि शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *