भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में देर रात चोरों ने एक सर्राफा दुकान और सूने पड़े मकान को निशाना बनाया। चोर दुकान से सवा किलो चांदी और 25 ग्राम सोना ले गए, जबकि मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी करके फरार हो गए। सर्राफा दुकान को बनाया निशाना, ताले तोड़कर जेवर चोरी वेद प्रकाश निवासी वनखंडेश्वर कॉलोनी ने बताया कि उनकी दुकान रूपवास कस्बे के मेन बाजार में है। सुबह उन्हें पास की दुकान के व्यापारी ने फोन कर ताले टूटे होने की जानकारी दी। वेद प्रकाश जब मौके पर पहुंचे और दुकान खोली तो पाया कि सवा किलो चांदी और 25 ग्राम सोने के जेवर गायब थे। चोरों ने रात में ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। रिश्तेदार के यहां गया परिवार, लौटे तो घर के ताले टूटे मिले सुल्तान निवासी वरखंडी कॉलोनी के अनुसार वह परिवार के साथ एक कार्यक्रम में रिश्तेदारों के यहां गया था और रात वहीं रुका। सुबह लौटकर जब घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर देखा कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और कैश चोरी हो चुका था। सुल्तान ने बताया कि अभी चोरी हुए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे दोनों घटनाओं की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। इनपुट- दुर्गेश पाठक, रूपवास, भरतपुर


