डूंगरपुर जिले में राजस्व विभाग की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को शुरू हुई। शहर के लक्ष्मण मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने किया। इस प्रतियोगिता में क्रिकेट, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसे खेल शामिल हैं। उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेश चंद्र धाकड़ भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा। डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, सीमलवाड़ा, चिखली, गलियाकोट, सागवाड़ा, साबला और आसपुर उपखंडों की टीमें विभिन्न खेलों में भाग ले रही हैं। राजस्व अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक इसमें अपना दमखम दिखाएंगे। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने अपने संबोधन में सभी टीमों और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी मैत्रीभाव और समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। कलेक्टर ने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया और सभी को खेल भावना की शपथ भी दिलाई।


