डीग जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कामा, सीकरी, जुरहरा और पहाड़ी थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 26 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। ये ठग सोशल मीडिया पर सस्ती दुधारू गाय-भैंस बेचने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करते थे। पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने ठगों के पास से 29 मोबाइल फोन और 17 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए सभी ठगों से पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है। साइबर ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विभिन्न ऐप्स के माध्यम से अपनी ठगी को अंजाम देते थे। वे दुधारू नस्ल के पशुओं के फर्जी वीडियो और फोटो पोस्ट कर किसान और मजदूर वर्ग के लोगों को निशाना बनाते थे। ठग फोन पर सस्ते दामों में दुधारू गाय देने का लालच देते थे और फिर उनसे ट्रांसपोर्ट चार्ज के नाम पर पैसे डलवा लेते थे। इसके बाद, वे एक फर्जी लोकेशन बताकर कहते थे कि पशु रास्ते में है। फिर बिल्टी चार्ज और गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर कई हजार रुपए और डलवाकर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए ठगों से पूछताछ में और भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।


