झाबुआ में शुरू हुए ‘वेस्ट से वेल्थ’ अभियान की चर्चा आज देशभर में पहुंच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 113वें एपिसोड में इसकी सराहना की है। यह अभियान शहर को सुंदर बनाने के साथ पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बना रहा है। ‘वेस्ट से वेल्थ’ अभियान की शुरुआत के लिए नगर पालिका के 180 सफाई कर्मचारियों में से डिजाइनर, कारपेंटर, वेस्ट में से कलाकृतियां बनाने की योग्य सामग्री एकत्र करने वाले क्यूरेटर और पेंटर चुने गए। इस ग्रुप को टीम-8 नाम दिया गया। टीम के डिजाइनर नीतेश कहते हैं, मेरा मानना है कि कलाकृतियों के माध्यम से कोई भी संदेश आसानी से दिया जा सकता है। इसलिए हमने ऐसी कलाकृतियां डिजाइन की जिनसे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके। कम खर्च में बेहतर दिखने वाली डिजाइन को चुना, जिन्हें सजाने से शहर की सुंदरता बढ़े। कारपेंटर सचिन कालिया ने कहा कि शहरों की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की कलाकृतियां स्थापित करने से न केवल सौंदर्य में वृद्धि होती है, बल्कि यह लोगों को रिसाइक्लिंग के प्रति जागरूक करती है। वहीं विजय धूलिया कहते हैं कि कलाकार अपने काम को स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर तैयार करते हैं, जिससे एक सामूहिक भावना और आपसी सहयोग का माहौल बनता है। कबाड़ से बनाया ऐतिहासिक गेट का मॉडल अब निजी घरों से भी मिल रहे ऑर्डर… प्रधानमंत्री द्वारा प्रशंसा करने के बाद इन कलाकारों को भी पूरे देश में पहचाना जाने लगा। अब इस टीम को शासकीय तथा कॉर्पोरेट ऑफिस और यहां तक कि निजी घरों से भी साज–सज्जा के लिए ऑर्डर मिलने लगे हैं। यह टीम सिटी वेस्ट से बनाए गए शोपीस हेलीकॉप्टर, सोफा और अन्य कलाकृतियों से शहर को सजा रही है। जनता की पसंद बना गार्डन अर्जुन सोहन कहते हैं हमने कलाकृतियां तैयार कर पूरा ‘वेस्ट से वेल्थ’ गार्डन तैयार किया है, जिसे शहर के लोग काफी पसंद कर रहे हैं। हमारी टीम ने थीम गार्डन के अलावा पूरे झाबुआ शहर को अपनी नायाब कलाकृतियों से सजा दिया है। आज हमारी टीम में 13 सदस्य हो गए हैं।


