मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव सड़क किनारे मिला। पुलिस को गश्त के दौरान निवास तिराहे के पास यह शव मृत अवस्था में मिला था। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। मृतक की शिनाख्त निवास से लगभग 15 किलोमीटर दूर नारायणगंज जनपद के ग्राम फड़की माल निवासी भागचंद (22) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। घटनास्थल से भी कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। निवास पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। निवास के बीएमओ डॉ. पेगवार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


