आगर मालवा के ग्राम गंगापुर और आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई के लिए देर रात बिजली आपूर्ति से परेशान किसानों ने शनिवार को आंबादेव बिजली ग्रिड पर धरना दिया। किसान सुबह 9 बजे ग्रिड पर एकत्र हुए। उनकी शिकायत थी कि रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक की बिजली आपूर्ति के कारण उन्हें पूरी रात जागकर सिंचाई करनी पड़ती है, जिससे आराम नहीं मिल पाता और सिंचाई कार्य भी बाधित होता है। किसान बबलू सिंह ने बताया कि बिजली कंपनी रात में बिजली देकर किसानों को परेशानी में डाल रही है, वहीं दिन में केवल 6 घंटे ही आपूर्ति मिलती है। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और कृषि कार्यों की गति धीमी पड़ रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वे लंबे समय से इस समस्या का सामना कर रहे थे, लेकिन समाधान न मिलने के कारण उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। किसानों ने अधिकारियों से समय बदलने की मांग की किसानों ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से मांग की कि बिजली आपूर्ति का समय बदलकर सुबह 4 बजे से 8 बजे तक और दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक किया जाए। सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। लगभग ढाई घंटे की चर्चा के बाद, सुपरवाइजर ने किसानों की मांगों को स्वीकार कर लिया और नई समय-सारणी लागू करने पर सहमति जताई। दोपहर करीब 1:30 बजे समाधान मिलने के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। अधिकारियों के आश्वासन से किसानों का आक्रोश शांत हुआ और क्षेत्र में राहत का माहौल बना।


