भास्कर न्यूज | जालंधर सोमवार से पंजाब भर में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की बसों का तीन दिनों तक चक्का जाम रहेगा। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की यूनियन की तरफ से पिछले लंबे समय से मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। पिछले हफ्ते ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर सहित ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी और ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ चंडीगढ़ के पंजाब भवन में मीटिंग भी बेनतीजा रही। जिसके बाद रोडवेज ने मंत्री सहित ट्रांसपोर्ट अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए। यूनियन ने कैबिनेट मंत्री की पुरानी वीडियो को शेयर किया जिसमें विधानसभा चुनावों से पहले वह कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने सहित नई बसों को रोडवेज में शामिल करने और अवैध तरीके से चलने वाली बसों को बंद करने के वादे कर रहे हैं । लेकिन कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई। जालंधर वेस्ट उप-चुनाव के समय भी यूनियन ने मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग कर अपनी मांगों से अवगत करवाया था। लेकिन 8 महीने बाद भी उनकी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया, जबकि बार-बार कमेटियों का गठन किया जा रहा है। जिसे लेकर 6 से 8 जनवरी तक बसों का मुकमल चक्का जाम रहेगा। जिससे आम पब्लिक को परेशानी होगी तो वहीं सरकार को करोड़ों रुपए का रेवेन्यू लॉस होगा और साथ ही प्राईवेट बसों को इसका फायदा मिलेगा। यूनियन के सीनियर पदाधिकारी शमशेर सिंह ने बताया की करीब 3 हजार बसों का चक्का पंजाब भर में बंद रहेगा। इस दौरान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा ।


