भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। अंबेडकर भवन स्थित पार्क में अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेसियों के द्वारा संविधान की सुरक्षा व संप्रभुता को बरकरार रखने की शपथ ली गई। जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के निर्देश पर गुना में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक एक और दो के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता सुबह 11 बजे अंबेडकर मांगलिक भवन में एकत्रित हुए। सबसे पहले बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहब का स्मरण करते हुए विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान लिखने बाबा डॉ. अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला। सभी ने वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि भारत को एकजुट और विकासशील बनाए रखने के लिए संविधान ही एकमात्र विकल्प है, जिसकी सुरक्षा और संप्रभुता बरकरार रखना एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा हमला संविधान पर किया जा रहा है। इसके निर्माताओं ने बड़ी शिद्दत के साथ इसे बनाया था। भाजपा की सरकार आज इसी संविधान को बदलना चाहती है। संविधान में नागरिकों को दिए गए अधिकारों को कुचलने पर सरकार आमादा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


