रतलाम के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज) में शनिवार दोपहर 20 नवनिर्मित कक्षों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। 6.48 करोड़ की लागत से बनाए गए ये कक्ष वाग्देवी भवन की पहली और दूसरी मंजिल पर तैयार किए गए हैं। बढ़ती शैक्षणिक आवश्यकताओं और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनका निर्माण किया गया है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी भी शामिल हुए। लोकार्पण के दौरान मंत्री काश्यप ने कहा कि रतलाम का साइंस कॉलेज प्रदेश में अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कॉलेज और यूनिवर्सिटी का नाम तब रोशन होता है जब यहां के विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता से आगे बढ़ते हैं। रतलाम का यह कॉलेज इसी विचारधारा के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. वायके मिश्रा ने स्वागत भाषण में बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू होने और संस्थान को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा मिलने के बाद कई नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है। लंबे समय से अतिरिक्त कक्षाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे इन 20 नए कक्षों से पूरा किया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के उन विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया, जिनका चयन प्रशासनिक सेवाओं और प्रोफेसर के रूप में हुआ है। संचालन डॉ. सीएल शर्मा ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्रोफेसर और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।


