मऊगंज: महिला से मारपीट:पुलिस पर कार्रवाई न करने का का आरोप, पीड़िता ने एसडीओपी से लगाई गुहार

मऊगंज जिले के जमुहरा गांव में एक महिला से मारपीट के मामले में पुलिस पर कथित लापरवाही का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि मेडिकल परीक्षण के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद महिला ने गुरुवार दोपहर एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। जानकारी के अनुसार, जमुहरा गांव निवासी सरोज यादव (40) शनिवार दोपहर अपने घर के पास हैंडपंप की नाली साफ कर रही थीं। इसी दौरान गांव के विनोद यादव और रामफल यादव ने उन्हें रोकते हुए कहा कि यह जगह उनकी नहीं है। सरोज के आपत्ति जताने पर दोनों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंची पूजा यादव और गुड़िया यादव ने बीच-बचाव कर पीड़िता को बचाया। इस हमले में सरोज यादव की दोनों कलाई और सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण किया गया। पीड़िता सरोज यादव का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इसी के विरोध में महिला गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एसडीओपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को अपना आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने कहा है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी, वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। वहीं, एसडीओपी कार्यालय ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *