उदयपुर जिले में पुलिस ने अपराध पर रोक लगाने के लिए एरिया डॉमिनेंस अभियान के तहत 318 बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को गिरफ्तार किया। शनिवार अलसुबह पुलिस ने जिले भर में एक साथ कार्रवाई कर कुल 725 जगहों पर दबिश दी। इसके लिए 425 पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों की 103 टीमें बनाई गईं। यह कार्रवाई उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर हुई। एसपी योगेश गोयल की मॉनिटरिंग में चले इस अभियान पूरे जिले में पुलिस टीमों ने एक साथ सर्च, चेकिंग और दबिश दी। यह पूरा अभियान पुलिस की ओर से लगातार बढ़ रहे अपराध ग्राफ को रोकने और जिले में सेफ्टी बढ़ाने की कोशिशों का हिस्सा माना जा रहा है। टीमों ने अलसुबह शुरुआत आकस्मिक चेकिंग से की। गांवों, बाजारों, हाईवे और संवेदनशील इलाकों में तैनात रहीं। कई जगह नाके लगाए गए। टीमों ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। इसी दौरान कई पुराने मामलों में फरार चल रहे आरोपी भी पकड़े गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान डकैती, लूट, हत्या और NDPS जैसे गंभीर अपराधों पर सीधे असर डालने के मकसद से तैयार किया गया था। 318 आरोपी पकड़े अभियान के तहत कुल 318 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इनमें आर्म्स एक्ट, NDPS Act, एक्साइज एक्ट के साथ मर्डर और अटेंप्ट टू मर्डर जैसे मामलों से जुड़े आरोपी भी हैं। अभियान में 13 वारंटी और स्थाई वारंटी को दबिश देकर पकड़ा। इसके अलावा सामान्य अपराधों में 11 आरोपियों को अरेस्ट किया गया। टीमों ने अपराधियों के ठिकानों पर जाकर पूछताछ की और कई स्थानों से अवैध गतिविधियों के इनपुट भी जुटाए। माइंस और अवैध गतिविधियों पर भी फोकस पुलिस ने अवैध खनन से जुड़े मामलों में भी सख्ती दिखाई। कुल 20 केस दर्ज हुए और 13 आरोपी अरेस्ट किए। अभियान के तहत पुलिस ने 56 हिस्ट्रीशीटर के घर पहुंचकर पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इससे कई पुराने मामलों में महत्वपूर्ण इनपुट मिले। एसपी योगेश गोयल ने बताया- सभी गिरफ्तारी अलग-अलग थानों द्वारा प्लान कर की गईं, जिसमें स्थानीय मुखबिर सूचना और तकनीकी सहयोग से की गई। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


