ग्वालियर में शनिवार दोपहर लगभग 12:30 बजे सिरोल रोड स्थित एक सरकारी मल्टी से डेढ़ साल के बच्चे के गिरने से मौत हो गई। मृतक बच्चे का नाम आर्यन बंसल है। परिवार मूलतः पन्ना जिले के राजेंद्रनगर का रहने वाला है और पिछले दो से तीन साल से यहां मजदूरी कर रहा है। परिवार ने मल्टी के पास ही झोपड़ी बना रखी थी। घटना से पहले आर्यन के पिता फूलचंद बंसल अपनी पत्नी के साथ सरकारी मल्टी की आठवीं मंजिल पर मजदूरी कर रहे थे। आर्यन नीचे झोपड़ी में खेल रहा था। दोपहर करीब 12:15 बजे उसे भूख लगी तो उसका चाचा उसे दूध पिलाने के लिए ऊपर मां के पास ले गया। आर्यन की मां ने उसे दूध पिलाया और फिर पास ही खेलने के लिए छोड़ दिया। इसके बाद वे पति के साथ काम में व्यस्त हो गईं। इसी दौरान खेलते-खेलते आर्यन मल्टी के किनारे की ओर पहुंच गया और नीचे गिर पड़ा। अस्पताल ले गए पर नहीं बच सका ऊपर से गिरने की आवाज सुनकर माता-पिता और आस-पास काम कर रहे अन्य मजदूर तुरंत नीचे पहुंचे। बच्चा गंभीर रूप से घायल था। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा घटना की सूचना पर सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। सिरोल थाना प्रभारी गोविंद बगोली ने बताया कि आठवीं मंजिल से बच्चे के गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच कर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


