इंदौर में शनिवार को होमगार्ड का स्थापना दिवस मनाया गया। होमगार्ड लाइन में परेड का आयोजन हुआ। परेड के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने मॉकड्रिल भी की। ये आयोजन होमगार्ड लाइन बिशप हाउस व्हाइट चर्च के पास हुआ। कार्यक्रम में सिविल डिफेंस द्वारा आत्मरक्षा संबंधी नाटिका का प्रस्तुतिकरण किया। एसडीईआरएफ ने मॉकड्रिल की और उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि तीनों ही सेनाएं हमेशा तैयार रहती है। प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा, प्राकृतिक आपदा और हमारे यहां जो उत्सव व जलसे हो रहे हैं। उसकी व्यवस्था में होमगार्ड और सिविल डिफेंस की बड़ी अच्छी भूमिका होती है। समाज में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को व्यवस्था में बदलना ये होमगार्ड के लोग बहुत अच्छे तरीके से करते हैं। रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाई, सिविल डिफेंस की बड़ी फौज खड़ी करना होगी मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि सीएम डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड के जवानों के रिटायरमेंट के उम्र 60 से 62 वर्ष कर दी है। ये होमगार्ड के जवानों के लिए बड़ा तोहफा है। आने वाले समय में विश्व के अंदर एक विश्वयुद्ध जैसा वातावरण बन रहा है। हमें भी अपने आप को तैयार करना होगा। सिविल डिफेंस की बहुत बड़ी फौज खड़ी करना होगी। देश की आंतरिक सुरक्षा में हमारी सिविल डिफेंस की फौज बहुत अच्छा काम कर सकती है। इसलिए होमगार्ड के कंधों पर भी बड़ी जवाबदारियां है। मुझे उम्मीद है कि उस जवाबदारियों को होमगार्ड की यूनिट जवाबदारी से वहन करेगी। हुमायूं कबीर विश्वसनीयता बताने के लिए हरकत कर रहे
मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि हुमायूं कबीर कभी भाजपा में होते थे। मैंने ही उन्हें चुनाव लड़ाया था। अब वह टीएमसी में चले गए। यहां अपनी विश्वसनीयता बताने के लिए वह इस तरह की हरकत कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता है कि उन्हें कोई बाबरी मस्जिद के प्रति श्रद्धा होगी। टीएमसी में विश्वसनीय हो सकूं, अपने समाज में विश्वसनीय हो सकूं इसलिए नौटंकी कर रहे हैं।


