रीवा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने एक और सख्त कार्रवाई करते हुए पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। नामांतरण के एवज में रिश्वत मांग रहे पटवारी को लोकायुक्त टीम ने उसके ही घर पर 500 रुपए लेते हुए ट्रैप किया। कार्रवाई के बाद लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर यह ट्रैप कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा द्वारा 06 दिसंबर 2025 को की गई। शिकायतकर्ता राजेश कुमार यादव (51 वर्ष), निवासी ग्राम/पोस्ट महसुआ, थाना एवं तहसील रायपुर कर्चुलियान, जिला रीवा ने दिनांक 04 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम हल्का बरेही क्षेत्र में भूमि खरीदी है, जिसके नामांतरण के बदले पटवारी द्वारा 2000 रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त रीवा के प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान पटवारी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। ट्रैप के दौरान आरोपी नवीन गुप्ता, पिता राममूर्ति गुप्ता, उम्र 42 वर्ष, पद—पटवारी हल्का बरेही, तहसील रायपुर कर्चुलियान, जिला रीवा को कृष्णाकुंज कॉलोनी स्थित अपने आवास पर 500 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व उपेंद्र दुबे, निरीक्षक, लोकायुक्त कार्यालय रीवा ने किया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र शासकीय गवाहों की मौजूदगी में संपन्न हुई। लोकायुक्त संगठन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 98936-07619 पर दें।


