संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के महा परिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को अमृतसर में कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने कहा कि बाबा साहेब सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक ऐसी विचारधारा थे, जिन्होंने भारत के हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिलाया। डॉ. वेरका ने बताया कि देशभर में कांग्रेस पार्टी की ओर से पंजाब में 117 से अधिक स्थानों पर अंबेडकर स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें अमृतसर का कार्यक्रम भी प्रमुख है। वेरका ने आरोप लगाया कि पंजाब में झूठे मुकदमे दर्ज कर लोगों की आवाज़ दबाई जा रही है और सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। डॉ. वेरका ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस किसी भी दबाव में आने वाली नहीं है। इस मौके पर सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मंत्री अनिल जोशी व अन्य भी उपस्थित थे।


