शहर के लोग आज साईं दास स्कूल की ग्राउंड में उन पवित्र चरणपादुका के दर्शन करेंगे, जिन्हें शिरडी के साईं बाबा अपने जीवनकाल में प्रयोग करते थे। पहली बार ये चरण पादुका जालंधर पहुंच रही हैं। श्री साईं बाबा संस्थान विश्वस्त व्यवस्था (शिरडी), के सहयोग से श्री साईं मिलन सेवा संघ जालंधर द्वारा सुबह 10 बजे श्री साई चरण पादुका शोभायात्रा और दर्शन उत्सव आयोजित होगा। संघ के प्रधान रविन्द्र कुमार, सरपरस्त भूषण आनंद, चेयरमेन राजिन्द्र शर्मा और सचिव पुनीत चोपड़ा ने बताया कि जो बुजुर्ग, दिव्यांग समेत कई भक्त शिरडी नहीं जा सकते, उन्हें पादुका का दर्शन कराना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि जालंधर समेत अलग-अलग जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के रहने और खाने-पीने का मुफ्त प्रबंध किया गया है। सुबह 9 से रात 11 बजे तक लंगर चलेगा। बाबा के दरबार में आने वाले सभी श्रद्धालु वीआईपी हैं, इसलिए कोई वीआईपी पास नहीं बनाए गए हैं। श्री साईं चरणपादुका शोभायात्रा सुबह दस बजे प्रभु श्रीराम चौक से साईं दास स्कूल तक निकाली जाएगी। शोभायात्रा भगवान वाल्मीकि चौक, बस्ती अड्डा चौक, पटेल चौक से होते हुए साईं दास स्कूल की ग्राउंड पहुंचेगी। वहां दोपहर एक से रात 10 बजे तक श्री साईं पादुका दर्शन के लिए रखी जाएंगी। शिरडी से आए पुजारी श्री साईं बाबा की आरती करेंगे। कार्यक्रम में श्री शिरडी संस्थान के सीईओ गोरक्ष गाडिलकर भी मौजूद रहेंगे। वहीं, शिवांग बेटा (लुधियाना वाले), पारस जैन (शिरडी वाले) और पंकज राज (दिल्ली वाले) व अन्य भजन पार्टी बाबा की महिमा का गुणगान कर भक्तिमय माहौल बनाएंगे।


