‘युवतरंग’ मेला : ओवरऑल विनर वेटरनरी साइंस कॉलेज ने जीती

गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी में सप्ताहभर चला अंतर महाविद्यालय युवा मेला ‘युवतरंग’ उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा के बीच सम्पन्न हुआ। मेले में राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर छात्रों की मेहनत और प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा देश की स्तंभ शक्ति हैं और यूनिवर्सिटी उन्हें समाज सेवा और नेतृत्व के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस मौके पर पंजाब कृषि यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह गोसल, डॉ. निर्मल जौड़ा और डॉ. किरण बैंस भी मौजूद रहे, जबकि पंजाबी गायक पम्मी बाई ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को और जीवंत बनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने की। उन्होंने कहा कि युवा मेला छात्रों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति का बड़ा मंच है। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. रबिंदर सिंह औलख ने बताया कि 14वां यूथ फेस्टिवल 26 नवंबर से शुरू होकर दो चरणों में 5 दिसंबर तक चला। प्रशासनिक सचिव डॉ. सर्वप्रीत घुम्मन ने जानकारी दी कि 250 से अधिक छात्रों ने ललित कला, साहित्य, नाटक, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। पंजाबी गायक हरदीप ग्रेवाल ने अपने गीतों से दर्शकों को रोमांचित किया। पुरस्कार वितरण में वेटरनरी साइंस कॉलेज, लुधियाना को ओवरऑल ट्रॉफी मिली, जिसने अधिकतर श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया। उपविजेता ट्रॉफी लुधियाना और रामपुरा फूल द्वारा साझा की गई। वाइस चांसलर ट्रॉफी पुनीत रेहान (लड़का) और इशनूर कौर (लड़की) को प्रदान की गई। ललित कला, नाटक, नृत्य और साहित्य में वेटरनरी साइंस कॉलेज का दबदबा रहा। समूह नृत्य में फिशरीज कॉलेज और एनिमल बायोटेक्नोलॉजी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। सर्वश्रेष्ठ डांसर जतिन ठाकुर और दिलराज कौर बने, जबकि सर्वश्रेष्ठ अभिनेता निखिल कुमार और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री परमप्रीत कौर चुने गए। सर्वश्रेष्ठ गायक अंकेश रहे, और वाद-विवाद एवं साहित्यिक वक्तृत्व में अनुष्का अत्री और खुशनीत कौर ने नाम रोशन किया। मेले ने छात्रों की प्रतिभाओं को निखारते हुए एक यादगार मंच प्रदान किया जो उनकी भावी यात्राओं को नई दिशा देगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *