108 हनुमान चालीसा महायज्ञ, राम काज के लिए एकजुट हुए श्रद्धालु

सराभा नगर स्थित श्री नव दुर्गा माता मंदिर में शुक्रवार को शौर्य दिवस के पावन अवसर पर आदि हिंदू इंटरनेशनल ट्रस्ट की ओर से 108 श्री हनुमान चालीसा पाठ महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से रात 8:30 बजे तक चले इस अखंड पाठ में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा क्षेत्र प्रभु श्री राम व हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत अश्वनी ग्रोवर के मधुर भजनों के साथ हुई, जिसने वातावरण को तुरंत भक्तिमय बना दिया। शाम के प्रमुख सत्र में गायन कलाकार मनमोहन भट्ट और कथावाचक चंद्रकांत ने अपनी ओजस्वी वाणी में हनुमान चालीसा का पाठ और संकीर्तन प्रस्तुत कर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर हनुमान जी के चरणों में आस्था अर्पित की और परिवारों सहित घंटों तक बैठे रहकर अखंड पाठ में सहभागिता निभाई। आयोजकों ने बताया कि 6 दिसंबर डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के साथ-साथ शौर्य दिवस के रूप में भी राष्ट्र के लिए वंदनीय है। इस महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य समाज से मानसिक गुलामी हटाकर स्वाभिमान जगाना और रामराज्य के आदर्श सत्य, धर्म, करुणा, परोपकार और कर्तव्यनिष्ठा को जन-जन तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि आज के समय में धार्मिक और राष्ट्रभाव को एक साथ जोड़ना आवश्यक है, ताकि समाज मजबूत और जागरूक बन सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *