सागर| मोतीनगर चौराहे के पास स्थित योग निकेतन योग प्रशिक्षण संस्थान योग धाम में 7 और 8 दिसंबर को संस्थान का 55वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। संस्थान के संस्थापक योगाचार्य विष्णु आर्य ने बताया कि योग धाम पिछले 55 वर्षों से भारतीय योग परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हजारों योग आयोजनों, प्रशिक्षणों और स्वास्थ्य शिविरों का संचालन करता आ रहा है। वर्तमान में भी प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। इस सत्र में योग साधना, साइटिका, कमर दर्द, सर्वाइकल, मानसिक तनाव, उच्च एवं निम्न रक्तचाप, स्मरण शक्ति वृद्धि, भय, चिंता और अनिद्रा जैसे रोगों के निवारण के लिए विशेष आसन, प्राणायाम, ध्यान और योग निद्रा की क्रियाएं कराई जाती हैं। संस्थान के अध्यक्ष रामनारायण यादव ने बताया कि स्थापना दिवस के पहले दिन रविवार को सुबह 8:30 बजे से 10 बजे तक सार्वभौमिक उन्नति के लिए श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी देवी के श्रीयंत्र का अभिषेक और कुमकुम से सहस्रार्चन किया जाएगा। दूसरे दिन सोमवार को सुबह 8:30 बजे से श्री लक्ष्मी नारायण का अभिषेक, श्री सूक्त, गायत्री मंत्र व महामृत्युंजय मंत्र से हवन तथा पूर्णाहुति होगी। प्रसादी वितरण 11:30 बजे से किया जाएगा।


