सागर में 100 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त:नया बाजार में गोदाम पर छापा; निगमायुक्त बोले- इससे कैंसर जैसी बीमारियां बढ़ रहीं

सागर के नया बाजार स्थित सिंधी मार्केट में शनिवार रात नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व में टीम ने एक थोक व्यापारी ‘हीरा’ की दुकान और गोदाम पर छापा मारा। यहां से करीब 100 क्विंटल सिंगल यूज प्लास्टिक और अमानक पॉलीथिन जब्त की गई है। निगमायुक्त ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का न तो उपयोग करें और न ही बिक्री करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण निगमायुक्त खत्री ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बावजूद शहर में इसका उपयोग हो रहा है। इसे रोकने के लिए निगम लगातार जागरुकता अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक और डिस्पोजल जीवन के लिए घातक हैं। इसके माइक्रो प्लास्टिक शरीर में पहुंचकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां पैदा करते हैं। यदि इसका उपयोग पूरी तरह बंद हो जाए, तो बीमारियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। जब्त पॉलीथिन को नष्ट कराया जाएगा और मामले की जांच जारी है। कपड़े के थैले और कागज के पैकेट को बढ़ावा दें कार्रवाई के दौरान निगमायुक्त ने नया बाजार के थोक व्यापारियों से चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि वे आगे से सिंगल यूज प्लास्टिक का व्यापार न करें, बल्कि कपड़े के थैले और कागज के पैकेट के उपयोग को बढ़ावा दें। जरूरत पड़ने पर सेल्फ हेल्प ग्रुप और गृह उद्योगों के जरिए ये विकल्प उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि थोक में इसकी उपलब्धता खत्म होगी, तो यह घरों तक नहीं पहुंचेगी, जिससे शहर स्वच्छ और सुरक्षित बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *