मऊगंज में रविवार को नेशनल हाईवे क्रमांक 135 पर दो कंटेनर ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। दोपहर 3 बजे पटेहरा गांव के पास हुए हादसे में पीछे वाले कंटेनर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, आगे चल रहे कंटेनर ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर बेकाबू होकर उससे जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया। पुलिस ने घायल ड्राइवर को निकाला हादसे के तुरंत बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फंसे हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मऊगंज भेजा। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे रीवा रेफर कर दिया। उसके दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए हैं। चेन्नई से पटना जा रहा था कंटेनर घायल चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी याकूब मोहम्मद के रूप में हुई है। वह कंटेनर लेकर चेन्नई से पटना की ओर जा रहा था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे हटवाकर हाईवे पर लगा जाम खत्म कराया। मामला दर्ज कर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


