शाजापुर में नगरपालिका के दो सफाई कर्मचारियों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ नाली की जाली चोरी करने का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस ने नगरपालिका परिषद शाजापुर की शिकायत पर की है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तीनों आरोपी जाली चोरी करते दिख रहे हैं। सामने आए वीडियो में 4 दिसंबर 2025 को सुबह 6 बजे शहर के वार्ड नंबर 10 स्थित कमरदीपुरा चौराहे पर सफाई के दौरान जाली चुराते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो रविवार को सामने आया, जिसके बाद शाजापुर नगर पालिका ने 6 दिसंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो कर्मचारियों और उनके एक अन्य साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नगर पालिका ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया है और एक अस्थाई कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी है। नगर पालिका शाजापुर ने 6 दिसंबर 2025 को पुलिस को सौंपे लिखित पत्र में संविदा सफाई कर्मचारी संजय पिता बलराम गोसर, सफाई संरक्षक विशाल पिता शिवचरण मेहरोली और एक अज्ञात कर्मचारी पर नाली पर ढकी लोहे की जाली चुराने का आरोप लगाया है। चोरी हुई जाली की अनुमानित कीमत 8000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शिकायत और प्रस्तुत वीडियो के अवलोकन के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रथम दृष्टया अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में नगरपालिका सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित ने बताया कि जाली चोरी का मामला सामने आने के बाद एक सफाई कर्मचारी को निलंबित किया गया है और संविदा पर कार्यरत दूसरे कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी गई है। तीसरे कर्मचारी का नाम अभी सामने नहीं आया है।


