नर्मदापुरम के केसला में शनिवार देर रात जियो कंपनी के मोबाइल टॉवर से तार चोरी करते दो युवक पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पकड़े गए। घटना लगभग रात 1.30 बजे की है। दोनों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। टावर पर चढ़कर कर रहे थे तार चोरी एएसआई अनंतराम लोधी ने बताया कि 6 दिसंबर की रात आरोपी पवन गुड्डू उईके (19) और रोहित उईके (19), निवासी पाथाखेड़ा, सारनी बैतूल, जियो टावर के तार काटने पहुंचे थे। आरोपियों ने टॉवर से सप्लाई बंद कर नीचे से तार काटे और लगभग 25 फीट ऊंचाई तक टॉवर पर चढ़ गए। तभी कुत्तों के भौंकने पर आसपास के लोग जाग गए और उन्हें टॉवर पर देखा। सूचना मिलते ही डायल 112 और केसला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर की मशक्कत के बाद दोनों को टॉवर से नीचे उतारकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, चार दिन पहले भी यानी 4 दिसंबर को दोनों चोरी की कोशिश में आए थे, लेकिन गश्ती टीम को देखकर भाग गए थे। पुरानी चोरी का भी खुलासा पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने 6 सितंबर को केसला में सुखमणि बाई साहू के घर चोरी की थी। उस चोरी में एक बैग, एटीएम, आधार कार्ड और हिसाब-किताब की डायरी चुराई थी, जिसे बाद में जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने सामान बरामद कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


