मेवाड़ टॉक फेस्ट 3.0 का टीजर रिलीज:राजसमंद में 11-12 जनवरी को ‘भारत के स्व की कहानी’ की थीम पर होगा आयोजन

राजसमंद में साहित्य व संवाद के उत्सव मेवाड़ टॉक फेस्ट का तीसरा संस्करण राजसमंद शहर के भिक्षु निलयम में 11 से 12 जनवरी को आयोजित होगा। भारत के स्व की कहानी थीम पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर एमटीएफ 3.0 का टीजर लॉन्च किया गया। जिला सूचना केन्द्र कार्यालय में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई ने किया। मुख्य अतिथि रजत ने कहा- राजसमंद में युवाओं के लिए एक स्थान पर कई लेखक, प्रोफेसर व चिंतक के साथ-साथ विविध विषयों की पुस्तकों से रुबरू होने का अवसर है। भारत की विरासत को हमें आगे लेकर जाने के लिए इस तरह के सृजनात्मक इवेंट का अवलोकन करना चाहिए। टीजर लॉन्च सत्र की समन्वयक शीतल ने बताया- 1.30 मिनट के टीजर में मेवाड़ टॉक फेस्ट से संबंधित जानकारी बताई गई। इस बार के एमटीएफ की थीम भारत के स्व की कहानी है। फेस्ट के दो दिन में होने वाले सेशन, चर्चा, कार्यशाला, प्रतियोगिता, फिल्म प्रदर्शन और उपलब्ध होने वाले पुस्तक प्रकाशकों आदि की जानकारी दी। फेस्ट में युवाओं के रुचि के विषयों का समावेश किया गया है। एमटीएफ का प्रथम संस्करण सुभाष चंद्र बोस को समर्पित था और यह तीसरा संस्करण स्वामी विवेकानन्द को समर्पित है। फिल्म विभाग के समन्वयक चेतन ने बताया- 11 जनवरी को मेवाड़ टॉक फेस्ट के प्रथम सत्र में अमर बलिदानी कालीबाई भील को समर्पित शॉर्ट फिल्म वीरबाला का प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर निर्देशक शुभम व अभिनेत्री परिधि भटनागर अपने अनुभव प्रतिभागियों के साथ शेयर करेंगे। इसके बाद दूसरे सत्र में सामाजिक सरोकार के संदर्भ में सिनेमा विषय पर होने वाले पैनल डिस्कशन में फिल्म निर्माता विवेक शर्मा, प्रसिद्ध लेखक मुरारी गुप्ता व संगीतकार एकार्थ से प्रोफेसर अमिताभ वार्ता करेंगे। पंजीकरण टीम के हितेश ने बताया- फेस्ट की पूरी जानकारी वेबसाइट mewartalkfest.com पर उपलब्ध हैं। फेस्ट में प्रवेश पंजीकरण से ही पूर्णतया निशुल्क रहेगा। इस दौरान मीडिया टीम सदस्य इन्दु मणि सहित अतिथि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *