छिंदवाड़ा नगर निगम की टीम ने रविवार रात शहर में रात्रि राहत अभियान चलाया। अभियान के तहत सड़कों, फुटपाथों और खुले स्थानों पर सो रहे लोगों को उठाकर निगम संचालित रैन बसेरों में सुरक्षित पहुंचाया गया। रात में फंसे यात्रियों की भी टीम ने मदद की। उन्हें संबंधित बसों में बैठाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना कराया। रैन बसेरों में हीटर, गर्म बिस्तर और निशुल्क शौचालय की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शहर में ठंड से राहत देने के लिए लगाए गए अलाव की भी निगम अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की। निर्देश दिए कि अलाव लगातार जलते रहें ताकि जरूरतमंदों को ठंड से बचाव मिल सके। इस पूरे निरीक्षण और राहत अभियान का नेतृत्व निगम उपायुक्त आर.एस. बॉथम ने किया। उनके साथ जनसंपर्क अधिकारी अभिषेक गुप्ता, सिटी मैनेजर उमेश पयासी और निगम का स्टाफ मौजूद रहा। नगर निगम ने अपील की है कि कोई भी खुले में रात न बिताए और रैन बसेरों में उपलब्ध सुरक्षित सुविधाओं का लाभ उठाएं।


