सोमवार और मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत पूरा मंत्रिमंडल और सचिवालय खजुराहो में रहेगा। डॉ. मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर राज्य सरकार विभागवार अपनी अब तक की उपलब्धियों और छूटे हुए कामों की समीक्षा कर रही है। अगले दो दिन तक 14 प्रमुख विभागों के कामकाज की समीक्षा होगी। इसी दौरान मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक भी खजुराहो में होगी। इस दौरान सीएम लाड़ली बहनों के बैंक खाते में 1500 की राशि भी ट्रांसफर करेंगे। 9 दिसंबर को छतरपुर के राजनगर स्थित सती की मढिय़ा नामक स्थान पर लाड़ली बहना सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहनों से संवाद करेंगे और प्रदेशभर की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में दिसंबर महीने की किश्त ट्रांसफर करेंगे। सीएम इस दौरान खजुराहो में आदिवर्त संग्रहालय का भ्रमण कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। महाराजा छत्रसाल और सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे। पन्ना टाइगर रिजर्व कुटनी रिसॉर्ट डैम एवं रनेह फॉल का भ्रमण करेंगे। 270.55 करोड़ के 9 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 240.10 लाख के 20 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। दोनों दिन इन विभागों की होगी समीक्षा 8-9 दिसंबर – खाद्य नागरिक आपूर्ति, वाणिज्यिक कर, पशुपालन एवं डेयरी विकास, नगरीय विकास एवं आवास, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, एमएसएमई, जनजातीय कार्य विभाग, अनुसूचित जाति विकास, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग विभाग, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार, खनिज विभाग, पीडब्ल्यूडी, पीएचई।


