अलवर शहर के NEB थाना क्षेत्र में 200 फीट रोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास बिजली विभाग की एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने रविवार को पैदल चल रहे युवक और आगे चल रही एक बाइक को टक्कर मार दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार युवक पिकअप चालक को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन चालक वाहन की गति और तेज करके मौके से फरार हो गया। पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर पीड़ित दिनेश किराड़ ने बताया कि उनका घर राधा-कृष्ण मंदिर वाली गली में है। वह गली से बाहर निकल रहे थे तभी बिजली विभाग की पिकअप तेज रफ्तार में आई और साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर जा गिरे।
दिनेश ने बताया कि नाक, कान और होंठ पर चोटें आईं, जहां से खून भी बहा। घटना के बाद उन्होंने निजी अस्पताल में इलाज कराया और थाने में शिकायत दी। बाइक सवार टीचर को भी मारी टक्कर दूसरे पीड़ित, कारोली निवासी आसिफ खान, जो एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं, ने बताया कि पिकअप पहले किसी और को टक्कर मारकर भाग रही थी। इसी दौरान उनकी बाइक को भी पीछे से टक्कर मार दी।
आसिफ ने बताया कि बाइक को नुकसान हुआ, हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। इसके बाद उन्होंने भी NEB थाने में शिकायत दर्ज कराई। चालक वीडियो में फरार होता दिखा घटना के दौरान बनाए गए वीडियो में बाइक सवार युवक पिकअप को रुकने के लिए कहते दिख रहे हैं, लेकिन चालक वाहन की रफ्तार बढ़ाते हुए मौके से गायब हो गया।


