टीकमगढ़ के बकपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल उरसाब सोलंकी की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पहले इस मामले में मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था, लेकिन मौत के बाद अब हत्या की धाराएं बढ़ा दी गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई थी। बकपुरा गांव में मवेशियों के खेत में घुसने को लेकर 55 वर्षीय उरसाब सिंह सोलंकी का अपने चार भतीजों राघवेंद्र, अनिल, अभय और अजय सोलंकी से विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें उरसाब सिंह और आरोपी पक्ष से अजय घायल हुए। गंभीर रूप से घायल उरसाब सिंह को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें झांसी रेफर कर दिया गया था। रविवार दोपहर झांसी में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सिर में गंभीर चोट के निशान साफ तौर पर देखे गए थे। रविवार रात परिजन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल लाए। इस दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिसके मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। एसडीओपी कटरे ने परिजनों को बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।


