पहाड़ी इलाकों की बर्फबारी का विदिशा में असर:बादलों से दिनभर ठिठुरन, रात का तापमान 2 डिग्री बढ़कर 7.5 पर पहुंचा

पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। विदिशा और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। उत्तर-पूर्व दिशा से चल रही हवाओं ने मौसम में बदलाव किया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सोमवार सुबह आसमान साफ रहा और धूप भी निकली। ठंड से बचने के लिए लोग धूप का सहारा लेते दिखे। सुबह के समय पत्तियों और खुले स्थानों पर ओस जमी हुई थी। रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और सुबह कोहरा भी देखा गया। तेज धूप न निकलने के कारण ठंड में और इजाफा हो गया। ओस की बूंदें जमने लगी थीं। बादलों की वजह से रविवार रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 7.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो शनिवार को 5 डिग्री सेल्सियस था। दिन का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया। मौसम विभाग के अनुसार, 10 दिसंबर तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ एस.एस. तोमर ने बताया कि पहले पूर्व दिशा से हवा चल रही थी, लेकिन अब हवा उत्तर-पूर्व दिशा से चलने लगी है। इसी कारण रविवार को दिनभर बादल छाए रहे और रात के तापमान में वृद्धि हुई। उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिमी हवाएं सामान्यतः शुष्क होती हैं और हवा के दबाव में बदलाव से तापमान में उतार-चढ़ाव आता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *