देवास-भोपाल बायपास पर बीती रात हुए एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना शंकरगढ़ के समीप हुई। सुमित (निवासी ग्राम थूरिया पानीगांव, हाल मुकाम चूना खदान काकड़) अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। राहगीर उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई ने बताया कि सुमित पिछले दो वर्षों से देवास में ही रह रहा था। वह यहां एक निजी कंपनी में काम करता था। बीती रात वह घर से अपनी ड्यूटी के लिए ही निकला था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। 8 महीने का बच्चा है सुमित शादीशुदा था और उसका आठ महीने का एक छोटा बच्चा भी है। इस आकस्मिक घटना से परिवार में मातम छा गया है। सोमवार को जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम (PM) किया जाएगा। राहगीर ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद एक राहगीर वाहन चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल सुमित को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।


