कटनी में माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बैंक ऑफ महाराष्ट्र एटीएम से 11.35 लाख रुपए की लूट हुई थी। शुक्रवार रात सात नकाबपोश बदमाशों ने महज 15 मिनट में एटीएम उखाड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना को 36 घंटे के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। बदमाशों ने तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस को चकमा देते हुए शहर से बाहर निकल गया। इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सीधे निर्देशन में जांच जारी है। इसमें एक निरीक्षक, छह उप-निरीक्षक, कई प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं। हालांकि, 36 घंटे बाद भी कोई ठोस सफलता न मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग गया है। थाना प्रभारी बोले- लुटेरे गैंग उत्तर प्रदेश या हरियाणा का हो सकता माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि एटीएम लूट करने वाली यह गैंग उत्तर प्रदेश या हरियाणा की हो सकती है। पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। बदमाशों ने शुक्रवार रात कुठला थाना क्षेत्र के पन्ना नाका स्थित रांधेलिया पेट्रोल पंप से घंटाघर निवासी नितिन रोहरा का एक लोडर वाहन चोरी किया। इसी वाहन का उपयोग माधवनगर थाना क्षेत्र के जीवन ज्योति अस्पताल के पास स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को उखाड़ने में किया गया। चोरी किए गए लोडर से बदमाश माधवनगर पहुंचे और मात्र 15 मिनट में एटीएम उखाड़कर वाहन में लोड कर लिया। एसपी कार्यालय, कलेक्ट्रेट और पुलिस चौकी के सामने से गुजरते हुए बदमाश बाईपास के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे और एटीएम दूसरे वाहन में डालकर फरार हो गए। CCTV कैमरे और टोल नाके भी रहे बेअसर घटना के बाद से पुलिस शहर भर के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। टोल नाकों से बदमाशों की आवाजाही के प्रमाण भी सामने नहीं आए हैं, जिससे साफ है कि वारदात बेहद योजनाबद्ध और शातिर तरीके से की गई। गौरतलब है कि एक दिन पहले जबलपुर में भी एटीएम लूट की घटना हुई थी, इसके बावजूद कटनी पुलिस ने सतर्कता नहीं बरती, जिसका नतीजा यह बड़ी वारदात के रूप में सामने आया। माधवनगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस लूट ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में रात्रि गश्त और निगरानी में लापरवाही के चलते अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फरियाद न सुनने और ढिलाई के कारण माधवनगर थाना पहले भी चर्चा में रहा है। कुछ महीने पहले यहां हत्या की घटना भी हो चुकी है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अपराधियों के लिए सेफ जोन बन रहा कटनी हालिया वर्षों में कटनी शहर लुटेरों, डकैतों और चोरों के लिए एक तरह से ‘सेफ जोन’ बनता नजर आ रहा है। कॉलोनियों में डकैती से लेकर हत्या और चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इंजीनियर शैलेष विश्वकर्मा के घर डकैती और 4 जुलाई 2023 को कोतवाली थाना क्षेत्र के अधाकाप में मनीष शर्मा की हत्या कर डकैती की घटना अभी भी लोगों को याद है। इसके बावजूद चोरी और लूट की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि एटीएम लूट की घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ये खबर भी पढ़े… सीसीटीवी पर स्प्रे कर एटीएम चोरी, मशीन काटकर पिकअप में लादकर जबलपुर साइड भागे कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र का एटीएम चुरा लिया। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे डाला और फिर पूरी मशीन को काटकर पिकअप वाहन में लोड कर फरार हो गए। एटीएम में 10 लाख रुपए से अधिक की नकदी होने का अनुमान है। पढ़े पूरी खबर…


