चूरू के बीदासर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक 15 वर्षीय नाबालिग का शव घर से कुछ ही दूरी पर बीहड़ में मिला। नाबालिग घर से शौच के लिए निकली थी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने पर सुजानगढ़ एएसपी दिनेश कुमार और बीदासर थानाधिकारी दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से आवश्यक सबूत जुटाएगी। परिजनों के अनुसार, नाबालिग सोमवार सुबह करीब सवा छह बजे शौच के लिए बीहड़ गई थी। जब वह काफी समय पर वापस नहीं लौटी, तो उसके पिता उसे ढूंढने निकले। घर से लगभग एक किलोमीटर दूर नाबालिग का शव मिला, जिसे देखकर पिता बिलख पड़े। नाबालिग गांव के सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी और वह पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता खान में पत्थर तोड़ने का काम करते हैं। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


