फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी:रेलवे की ओर से लंबी दूरी के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन

राजस्थान में इंडिगो एयरलाइंस की कई फ्लाइट्स रद्द होने से जयपुर, उदयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। जयपुर से चेन्नई समेत कई रूटों पर उड़ानें रद्द रहने से बड़ी संख्या में पैसेंजर्स ने रेलवे का रुख किया है। बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने जयपुर, अजमेर, दिल्ली और गुजरात रूट पर कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, जिससे लम्बी दूरी के यात्रियों को यात्रा का वैकल्पिक विकल्प मिल सके। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकिरण ने बताया- फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। इसलिए सभी स्पेशल ट्रेनों में एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोचों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि किसी यात्री को सीट के लिए परेशानी न उठानी पड़े। जरूरत पड़ने पर रेलवे आगे और स्पेशल ट्रेनें चलाने पर भी विचार कर सकता है। गाड़ी संख्या 09603 अजमेर से बांद्रा टर्मिनस पहली स्पेशल ट्रेन मदार (अजमेर) से बांद्रा टर्मिनस के लिए चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 09603 सोमवार, 8 दिसंबर को शाम 6:45 बजे मदार से रवाना होगी। यह रात 8:40 बजे जयपुर पहुंचेगी और दस मिनट बाद 8:50 बजे आगे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 4:30 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन किशनगढ़, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम, वडोदरा, सूरत, नवसारी, वलसाड, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं जिनमें सेकंड एसी, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं। वापसी में गाड़ी संख्या 09604 मंगलवार, 9 दिसंबर को शाम 7:25 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर 3:10 बजे दुर्गापुरा (जयपुर) पहुंचेगी। यह ट्रेन बोरीवली, वापी, वलसाड, नवसारी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा और सवाई माधोपुर में रुकेगी। बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में भी 22 कोच लगाए गए हैं। गाड़ी संख्या 09001/09002 मुंबई सेंट्रल–भिवानी सुपरफास्ट स्पेशल इसके साथ ही रेलवे ने मुंबई सेंट्रल से भिवानी रूट पर भी स्पेशल ट्रेन चलाना शुरू किया है। गाड़ी संख्या 09001/09002 मुंबई सेंट्रल–भिवानी सुपरफास्ट स्पेशल 9 दिसंबर से 30 दिसंबर तक चलेगी। यह ट्रेन हर मंगलवार और शुक्रवार को मुंबई सेंट्रल से चलेगी, जबकि भिवानी से हर बुधवार और शनिवार को रवाना होगी। कुल 14 ट्रिप होंगी। रास्ते में बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच और चित्तौड़गढ़ में ठहराव होगा, जबकि दोनों दिशाओं में अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी और चरखी दादरी जैसे स्टेशनों पर भी ट्रेन रुकेगी। गाड़ी संख्या 09003/09004 मुंबई सेंट्रल–शकूर बस्ती सुपरफास्ट स्पेशल इसी तरह मुंबई–दिल्ली रूट पर भी एक और स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 09003/09004 मुंबई सेंट्रल–शकूर बस्ती सुपरफास्ट स्पेशल 8 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच मुंबई से रोज चलेगी (मंगलवार और शुक्रवार छोड़कर)। वापसी में शकूर बस्ती से 9 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच रोजाना (बुधवार और शनिवार छोड़कर) रवाना होगी। इस ट्रेन की 32 ट्रिप होंगी और बुकिंग 6 दिसंबर से शुरू होगी। यह ट्रेन भी मध्य प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख स्टेशनों के साथ जयपुर और दिल्ली के यात्रियों को सीधा कनेक्शन देगी। उधर जयपुर–बांद्रा रूट पर भी एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 09729/09730 दुर्गापुरा–बांद्रा सुपरफास्ट स्पेशल 7 दिसंबर को दुर्गापुरा से और 8 दिसंबर को बांद्रा से चलेगी। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी–2 टियर, एसी–3 टियर, स्लीपर और जनरल कोच लगाए जाएंगे। यह ट्रेन राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात होकर मुंबई पहुंचेगी और बढ़े हुए यात्रीभार को संभालने में मदद करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *