उदयपुर में दिन भर तेज धूप निकलने से सर्दी से राहत है लेकिन शाम बाद चलने वाली ठंडी हवाओं से सर्दी का प्रभाव बढ़ने के साथ ही ये हवाएं परेशान करने लगती है। इधर, मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि आगे शीत लहर चलेगी। उदयपुर के डबोक स्थित मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 27.9 तथा न्यूनतम 8.6 डिग्री से. रहा। दो दिन से सर्दी ने रफ्तार पकड़ी है लेकिन इसका सुबह के समय और शाम बाद ज्यादा रहता है। दिन भर मौसम साफ रहने और तेज धूप होने से बड़ी राहत मिली है। सर्दी की चमक बढ़ी है और शाम के समय ठंडी हवाओं के चलने से बाजारों में भी जल्दी दुकानें बंद हो जाती है। इससे पहले उदयपुर का न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री की मामूली बढ़त के साथ 8.6 डिग्री दर्ज हुआ। इसके बावजूद रात सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा ठंडी रही। दिसंबर में इसका औसत 8.8 डिग्री तय है। आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ेगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा का कहना है कि उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण उत्तरी राजस्थान में शीत लहर का प्रभाव रहेगा।


